मुगेली/शहर के दाऊपारा क्षेत्र में गहराते बिजली संकट और शिकायतों के निराकरण में हो रही देरी को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। क्षेत्र के जागरूक नागरिक रविराज सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कलेक्टर कुंदन कुमार को ज्ञापन सौंपकर दाऊपारा में बिजली विभाग का नया पृथक फ्यूज कॉल सेंटर खोलने की मांग की गई है।

एक सेंटर के भरोसे नहीं चल सकती इतनी बड़ी व्यवस्था:रविराज सिंह
इस मामले पर स्थानीय निवासी रविराज सिंह ठाकुर ने कहाकि वर्तमान में पूरा मुंगेली शहर केवल एक फ्यूज कॉल सेंटर के भरोसे है जो पंडरिया रोड पर स्थित है। दाऊपारा क्षेत्र का दायरा इतना बढ़ चुका है कि यहाँ के उपभोक्ताओं को अपनी छोटी-छोटी बिजली समस्याओं के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। फोन लाइन हमेशा व्यस्त रहती है और जब तक कर्मचारी पहुँचते हैं,तब तक लोगों का धैर्य जवाब दे जाता है। जिला प्रशासन को समझना चाहिए कि दाऊपारा की जरूरतें अब बढ़ चुकी हैं और यहाँ एक स्वतंत्र सेंटर का होना अनिवार्य है।
सिर्फ दाऊपारा क्षेत्र में ही 30 हजार की आबादी,5 वार्ड और करीब 20 ग्राम पंचायतें शामिल
ज्ञापन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि दाऊपारा क्षेत्र अब कोई छोटा इलाका नहीं है। यहाँ की भौगोलिक स्थिति और जनसंख्या को देखें तो:
विशाल आबादी:केवल दाऊपारा क्षेत्र के अंतर्गत ही लगभग 30,000 की जनसंख्या निवास करती है।
बड़ा कार्यक्षेत्र:इस क्षेत्र में नगर पालिका के 5 वार्ड और आसपास की करीब 20 ग्राम पंचायतें आती हैं।
बढ़ता दबाव:इतनी बड़ी आबादी और दर्जनों गांवों का भार अकेले पंडरिया रोड स्थित पुराने सेंटर पर है,जिससे सिस्टम पूरी तरह ओवरलोड हो चुका है।
बिजली समस्या का त्वरित निदान नहीं होने से आम जनता का बढ़ता आक्रोश
नागरिकों का कहना है कि बिजली गुल होने या फ्यूज उड़ने की स्थिति में शिकायत दर्ज कराना किसी जंग जीतने जैसा हो गया है। एक ही कॉल सेंटर होने के कारण फोन कभी लगता नहीं है और यदि लग भी जाए तो कर्मचारियों को दाऊपारा और उससे जुड़ी पंचायतों तक पहुँचने में लंबा समय लगता है। इससे न केवल बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है बल्कि आम नागरिकों की दैनिक दिन चर्या और व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन से त्वरित कार्यवाही की उम्मीद
ज्ञापन सौंपने वालों में रविराज सिंह ठाकुर के साथ महेंद्र साहू,राजकुमार,दिलीप,वीरेंद्र,
प्रदीप,उत्तम और कमलेश तंबोली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल थे।इनके द्वारा जिला प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि जल्द ही दाऊपारा में नए फ्यूज कॉल सेंटर की स्थापना की जाए ताकि बड़ी आबादी वाले इस क्षेत्र में बिजली समस्या से जूझ रहे उपभोक्ताओं को त्वरित समाधान का लाभ मिल सके

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

