बड़ा सवाल: जब शहर के बीचों-बीच भाजपा का आलीशान खुद का दफ्तर है, तो करोड़ों की गाड़ियों में घूम रहे बड़े नेताओं के लिए महंगे प्राइवेट होटल में ‘शाही’ इंतजाम क्यों?
मुंगेली।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर देश की आम जनता से बचत करने, संसाधनों का सही उपयोग करने और फिजूलखर्ची से बचने की अपील करते नजर आते हैं। पीएम मोदी ने देशवासियों से ईंधन (फ्यूल) की बचत करने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की बात कही थी, जिसका असर देश में देखने को भी मिला। खुद पीएम मोदी और उनके शीर्ष मंत्रियों ने सादगी के कई उदाहरण पेश किए हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ के मुंगेली में जो नजारा देखने को मिला, उसने भाजपा के इस ‘सादगी वाले ढिंढोरे’ की हवा निकाल कर रख दी है। मुंगेली भाजपा के स्थानीय संगठन ने प्रधानमंत्री की इस अपील को ठेंगा दिखाते हुए एक महंगे निजी एसी होटल में ‘शाही’ पाठशाला लगा दी।
करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां और फाइव-स्टार ठाट-बाट!
दरअसल, मुंगेली में भाजपा संगठन द्वारा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर’ का आयोजन किया गया था। इस आयोजन का उद्देश्य तो संगठनात्मक था, लेकिन नेताओं के ठाट-बाट ने इसे ‘शाही तमाशा’ बना दिया।
शिविर में शामिल होने पहुंचे भाजपा के बड़े नेताओं और विधायकों का काफिला जब चमचमाती करोड़ों की लग्जरी गाड़ियों से उतरा, तो देखने वाले देखते रह गए। तपती गर्मी के बीच इन बड़े नेताओं के लिए नगर के एक बेहद महंगे और सर्वसुविधायुक्त निजी वातानुकूलित (एसी) होटल को बुक किया गया था। आलीशान एसी कमरों में बैठकर नेताओं का यह ‘शाही मंथन’ अब मुंगेली की जनता के बीच तीखी चर्चा और आक्रोश का विषय बन गया है।
जनता का सुलगता सवाल: क्या नियम सिर्फ हमारे लिए हैं?
मुंगेली के जागरूक नागरिकों का गुस्सा इस फिजूलखर्ची को देखकर सातवें आसमान पर है। जनता सीधे सवाल पूछ रही है:
- क्या पीएम मोदी की बचत की अपील सिर्फ आम जनता के लिए है, नेताओं को खुली छूट है?
- जब मुंगेली के मध्य में भाजपा का खुद का आलीशान दफ्तर मौजूद है, तो निजी होटल के एसी कमरों में पानी की तरह पैसा क्यों बहाया गया?
- एक तरफ सूबे के मुखिया (सीएम) सादगी की मिसाल पेश करते हुए पेड़ की छांव में सभाएं कर रहे हैं, तो मुंगेली के ये नेता किस बात के ‘लाटसाहब’ बने बैठे हैं?
कांग्रेस का करारा वार: “सत्ता के नशे में चूर हैं भाजपाई”
इस पूरे मामले पर सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा—
”भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। एक तरफ इनके प्रधानमंत्री जनता को फिजूलखर्ची रोकने का ज्ञान देते हैं, तो दूसरी तरफ इनकी ही पार्टी के बड़े नेता करोड़ों की लग्जरी गाड़ियों में घूमकर महंगे होटलों में ऐश कर रहे हैं। सत्ता के नशे में चूर भाजपाई इस समय विलासिता में मशगूल हैं। जनता इनके इस दोहरे चरित्र को अच्छी तरह देख रही है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।”
क्या दिल्ली और रायपुर का नेतृत्व लेगा एक्शन?
विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दंभ भरने वाली भाजपा के स्थानीय नेताओं की इस ‘लग्जरी लाइफस्टाइल’ ने जमीनी कार्यकर्ताओं और जनता के बीच पार्टी की भारी किरकिरी करा दी है। अब देखना यह होगा कि क्या भाजपा का राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व मुंगेली में हुए इस हाई-प्रोफाइल और फिजूलखर्ची वाले प्रशिक्षण शिविर पर कोई संज्ञान लेता है? क्या इन वीआईपी नेताओं पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी, या फिर जनता की इस आवाज को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?
#MungeliNews #ChhattisgarhBJP #PMModi #VIPCulture #ChhatisgarhNews #Khabardar36

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

