शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान से उठने लगीं तेज लपटें, आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
मुंगेली।
शहर के हृदय स्थल पड़ाव चौक स्थित ‘गुरु कृपा मोबाइल शॉप’ में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दुकान से धुएं का गुबार और ऊंची लपटें उठने लगीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
आसपास के लोगों ने की बचाने की कोशिश, पर धू-धू कर जली दुकान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही दुकान से आग की लपटें उठती दिखीं, आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। तीसरी मंजिल में आग लगी थी जहां कुछ ज्यादा सामान नहीं था कार्टून वगैरा थे
फायर ब्रिगेड की लेत-लतीफी पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि घटना की तुरंत सूचना देने के लगभग 20 से 30 मिनट बाद तक भी दमकल वाहन (फायर ब्रिगेड) मौके पर नहीं पहुंच पाया था।
“हर बार की तरह इस बार भी फायर ब्रिगेड आधा घंटा लेट आई है। अगर समय पर गाड़ी आ जाती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।”
— बंशी भाटवानी संरक्षक मोबाइल एसोसिएशन
लगभग आधे घंटे की देरी के बाद आखिरकार फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
व्यापारियों की बड़ी मांग: ‘सिटी कोतवाली में खड़ी हो फायर ब्रिगेड’
इस हादसे और दमकल विभाग की लापरवाही से नाराज मुंगेली के व्यापारियों ने प्रशासन से एक सुर में बड़ी मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच होने वाले हादसों से तुरंत निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मुंगेली पुलिस सिटी कोतवाली (थाना परिसर) में ही तैनात रखा जाए, ताकि सूचना मिलते ही बिना वक्त गंवाए दमकल वाहन तुरंत घटना स्थल पर पहुंच सके और किसी बड़े जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

