विशेष समाचार छत्तीसगढ़ ✍️
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत न्यायधानी बिलासपुर और जिले में इन दिनों एक अजीब सा ‘पेट्रोल पैनिक’ देखने को मिल रहा है। कल से जिस तरफ नजर डालो, हर मुख्य मार्ग पेट्रोल पंप की लंबी कतारों में तब्दील हो गया है। ऐसा लग रहा है मानो पूरा प्रदेश किसी अदृश्य डर के साये में जी रहा हो और हर कोई बस अपनी गाड़ी की टंकी फुल करा लेना चाहता है।
रायपुर और बिलासपुर तक एक जैसे हालात
बिलासपुर के व्यस्त चौक-चौराहों से लेकर रायपुर के मुख्य मार्गों तक पेट्रोल पंपों पर सुबह से रात तक अफरा-तफरी का माहौल है। टिकरापारा (रायपुर) हो या बिलासपुर के बाहरी इलाके, हर जगह दृश्य एक समान है—लंबी कतारें और घंटों का इंतजार। सबसे ज्यादा आश्चर्य तब हो रहा है जब सामान्य दिनों में सीमित पेट्रोल डलवाने वाले लोग भी अब 35-40 लीटर यानी फुल टैंक तेल भरवा रहे हैं।
पूछने पर उपभोक्ताओं का एक ही जवाब है— “पता नहीं बाद में पेट्रोल मिलेगा या नहीं, इसलिए पहले से ही फुल करा रहे हैं।” यही मानसिकता आज गांव से लेकर शहर तक फैल चुकी है।
जरूरतमंदों के लिए बढ़ा संकट
जो लोग रायपुर या बिलासपुर शहर से बाहर भी नहीं निकलते, वे भी गाड़ियां फुल टैंक करके खड़ी कर रहे हैं। जिनकी रोज की जरूरत महज पांच लीटर की है, वे 40 लीटर तक जमा कर रहे हैं। परिणाम यह कि जिन लोगों को सच में आपातकालीन स्थिति के लिए पेट्रोल चाहिए, उन्हें भी इस ‘पैनिक’ की भीड़ के कारण घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है।
अफवाहों का बाजार गर्म, संयम की कमी
असल समस्या पेट्रोल की वास्तविक कमी से ज्यादा “अफवाहों और डर” की है। जब भी किसी संकट की आशंका होती है, सामाजिक स्तर पर संयम की कमी दिखने लगती है। रायपुर बिलासपुर जैसे जिलों में, जहाँ आपूर्ति श्रृंखला सीमित होती है, वहां इस तरह की भीड़ हालात को और अधिक तनावपूर्ण बना देती है।
विशेष टिप्पणी: आज पेट्रोल पंपों पर दिख रही आधी भीड़ जरूरत की नहीं बल्कि घबराहट की है। डर इंसान से सामान्य स्थिति के विपरीत व्यवहार करवाता है। वर्तमान में जरूरत जागरूकता की है ताकि लोग अफवाहों से बचें और संयम बरतें। अगर हर व्यक्ति सिर्फ अपनी आवश्यकता भर ईंधन ले, तो शायद किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

