मुंगेली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छटन में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर भव्य ‘शिक्षक सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त डीएमसी अशोक कश्यप एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में निर्मल ग्राम पंचायत छटन के सरपंच लुमेश सप्रे, प्राचार्य डॉ. आई.पी. यादव, बीआरसीसी डी.सी. डाहिरे, प्रभारी प्राचार्य कैलाश सिंह राजपूत, साक्षरता प्रभारी रामनाथ गुप्ता एवं प्राचार्य ए.डी. अंचल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अशोक कश्यप ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 को हुआ था। वे बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि के थे और उन्होंने अपने जीवन में समय को विशेष महत्व दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. आई.पी. यादव ने अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. राधाकृष्णन उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए भी अपने सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे करते थे। अनुशासन के बिना जीवन में सफलता असंभव है।
बीआरसीसी डी.सी. डाहिरे ने बढ़ती प्रतिस्पर्धा पर चर्चा करते हुए छात्रों को कठिन परिश्रम करने और सामान्य ज्ञान से लगातार जुड़े रहने की सलाह दी। वहीं प्रभारी प्राचार्य कैलाश सिंह राजपूत ने ‘शिक्षक’ शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि शिक्षक शिखर तक ले जाने वाला, क्षमाशील और कठिन परिश्रमी होता है। डॉ. राधाकृष्णन को 1954 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था, वे एक महान दार्शनिक और व्यावहारिक शिक्षक थे। सरपंच लुमेश सप्रे ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना पूरे गांव और विद्यालय के लिए गौरव की बात है।
सेवानिवृत्त अधिकारियों व शिक्षकों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान ग्राम पंचायत एवं सरपंच की ओर से सेवानिवृत्त डीएमसी अशोक कश्यप, डॉ. आई.पी. यादव, कैलाश सिंह राजपूत, रामनाथ गुप्ता, डी.सी. डाहिरे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला पुरस्कार
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कुमारी मुस्कान साहू ने प्रथम, कुमारी पूनम साहू ने द्वितीय तथा नंदिनी गेंदले ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में कुमारी प्रमिला मरकाम प्रथम एवं कुमारी रितिका गुप्ता द्वितीय स्थान पर रहीं।
इस गरिमामय आयोजन में उमाकांत मिरी, सुषमा गुप्ता, ज्योति सिंह, जयसिंह मरकाम, बलदाऊ साहू, झमेश पटेल, लक्ष्मी नारायण जोशी, अमीन सोनवानी, लालाराम घृतलहरे, ओम प्रकाश साहू, कमल सिन्हा, रामेश्वर राव, लोकेश पाटले, मीरकंठ साहू, सुनीता साहू, भाऊ राम साहू, संतोष सप्रे, रविंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता मोहन उपाध्याय द्वारा किया गया।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

