मुंगेली।
जिला मुख्यालय मुंगेली के यात्रियों और आम जनता के लिए एक बड़ी चिंताजनक खबर सामने आ रही है। क्या मुंगेली जिले की जनता को एक बार फिर से रेलवे रिजर्वेशन टिकट बनवाने के लिए बिलासपुर, रायपुर या भाटापारा जैसे दूरदराज के शहरों के चक्कर काटने पड़ेंगे? यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि मुंगेली में पिछले 12 वर्षों से निरंतर संचालित रेलवे आरक्षण केंद्र (Railway Reservation Counter) पिछले 3 दिनों से पूरी तरह बंद पड़ा हुआ है।
कलेक्टर कार्यालय जिला मुंगेली एवं रेलवे प्रशासन के संयुक्त नेतृत्व में संचालित यह रेलवे आरक्षण केंद्र पहले कलेक्टरेट परिसर में और बाद में पुराना बस स्टैंड मुंगेली में लोगों की सुविधा के लिए स्थापित किया गया था। इस केंद्र के खुलने का समय सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित है, लेकिन बीते तीन दिनों से काउंटर में ताला लटके होने के कारण दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
निजी काउंटरों पर ऊंचे दाम चुकाने को मजबूर यात्री
रेलवे आरक्षण केंद्र बंद होने के कारण मुंगेली शहर सहित ग्रामीण इलाकों से आने वाले मुसाफिर काफी हलकान हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों का कंफर्म टिकट बनवाने के लिए पहुंच रहे यात्रियों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। मजबूरी में लोग निजी एजेंटों और साइबर सेंटरों के चक्कर काट रहे हैं, जहाँ उनसे टिकट के नाम पर मनमाने और ऊंचे दाम वसूले जा रहे हैं।
12 सालों की सेवा पर अचानक लगा विराम!
ज्ञात हो कि मुंगेली जिले की जनता को रेलवे स्टेशन दूर होने की वजह से टिकट रिजर्वेशन कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लोगों की इसी परेशानी को देखते हुए 12 साल पहले संयुक्त प्रयास से मुंगेली में इस काउंटर की शुरुआत की गई थी। इतने वर्षों से निर्बाध रूप से चल रहे इस सुविधा केंद्र के अचानक बंद हो जाने से आम नागरिकों और यात्रियों में भारी आक्रोश व्यापत है।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने जिला प्रशासन तथा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि स्थिति को संज्ञान में लेते हुए तत्काल आरक्षण केंद्र को पुनः चालू कराया जाए, ताकि मुंगेली की जनता को बेवजह बिलासपुर या भाटापारा न दौड़ना पड़े।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

