पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय में अव्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन

मुंगेली ✍️अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मुंगेली नगर इकाई द्वारा पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, दाऊपारा (मुंगेली) में विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की कमी और विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर विद्यालय प्राचार्य महोदय को ज्ञापन सौंपा गया।
विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है, परंतु इस विद्यालय की स्थिति चिंताजनक है। छात्रों को न केवल मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ रहा है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है।
मुख्य मांगें निम्नलिखित रहीं:
1. शिक्षा की कमी के संदर्भ में: विद्यालय में कई विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
2. गर्ल्स कॉमन रूम की अनुपस्थिति: विद्यालय में छात्राओं के लिए कॉमन रूम की व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें असुविधा और असुरक्षा का अनुभव होता है।
3. स्वच्छ पीने योग्य पानी की व्यवस्था: विद्यालय में पीने के लिए स्वच्छ पानी की उचित सुविधा नहीं है, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
4. शौचालय की स्वच्छता के संदर्भ में: छात्र-छात्राओं के शौचालयों की सफाई और रखरखाव की स्थिति अत्यंत खराब है। नियमित सफाई न होने से दुर्गंध और संक्रमण का खतरा बना रहता है।
5. विद्यालय की समग्र स्वच्छता: विद्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था अत्यंत लचर है, जिससे वातावरण अस्वच्छ और अव्यवस्थित प्रतीत होता है।
6. कंप्यूटर क्लास के संचालन के संदर्भ में: विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षा का नाम मात्र का प्रबंध है। कंप्यूटर कक्षाएं नियमित रूप से नहीं लग रही हैं, जिससे विद्यार्थी तकनीकी शिक्षा से वंचित हैं।
विद्यार्थी परिषद ने मांग की है कि प्रशासन शीघ्र ही इन सभी समस्याओं का संज्ञान लेकर विद्यालय की व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए।
परिषद ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद छात्रहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।





