मुंगेली । जिला अधिवक्ता संघ मुंगेली एवं अधिवक्ता परिषद मुंगेली के संयुक्त तत्वावधान में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्म जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अधिवक्ता संघ मुंगेली अध्यक्ष राजमन सिंह ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय दिलाने के लिए संविधान के माध्यम से मजबूत आधार दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रेरक संदेश देता है।
जिला अधिवक्ता संघ मुंगेली सचिव राजेन्द्र चन्द्रवंशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहेब ने केवल संविधान ही नहीं दिया, बल्कि समाज को आत्मसम्मान के साथ जीने की दिशा भी दिखाई। उन्होंने कहा कि आज के समय में उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
सीनियर अधिवक्ता प्रदीप साहू ने कहा कि अधिवक्ता समाज का दायित्व है कि वह संविधान की मूल भावना को बनाए रखते हुए न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने बाबा साहेब को आधुनिक भारत का महान शिल्पकार बताया।
इस अवसर पर ज्ञानेश्वर वेंताल, रूखमणी, कन्हैंया शर्मा, यमुना सोनकर, दुर्गेश सोनकर, नरेन्द्र पात्रे, सैयद सगीर अली, मितेश चन्द्राकर, करन चन्द्राकर एवं जितेन्द्र जांगड़े उपस्थित थे। मंच संचालन अधिवक्ता प्रकाश गर्धव द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
