यातायात नियमों की उड़ रही धज्जियां, बच्चों-बुजुर्गों और राहगीरों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा; सख्त कार्रवाई की उठी मांग
मुंगेली। नगर की सड़कों पर इन दिनों तेज रफ्तार और कानफोड़ू आवाज वाली बाइकों का शोर आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। कुछ युवा बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर, फटे साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाकर सड़कों पर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते नजर आ रहे हैं। वाहन चलाने के इस लापरवाह अंदाज से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि सड़क पर चलने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ऐसे बाइक चालकों की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। अचानक तेज आवाज करने वाले साइलेंसर से राहगीर घबरा जाते हैं। कई बार बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को भी इस तेज आवाज के कारण असुविधा का सामना करना पड़ता है। वहीं स्कूलों की छुट्टी के समय जब सड़कों पर बच्चों और अभिभावकों की आवाजाही अधिक रहती है, तब भी कुछ युवा तेज रफ्तार से बाइक चलाने से बाज नहीं आते।
तेज रफ्तार और लापरवाही से दुर्घटना की आशंका
सड़क पर चलते समय यदि अचानक कोई पैदल राहगीर, बच्चा या पशु सामने आ जाए तो तेज रफ्तार वाहन चालक के लिए बाइक नियंत्रित करना मुश्किल हो सकता है। ऐसी स्थिति में गंभीर सड़क दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। युवाओं के बीच तेज रफ्तार और बाइक से तेज आवाज निकालने का बढ़ता शौक दूसरों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन रहा है।
यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद नियमों की अनदेखी
हैरानी की बात यह है कि नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए निकल जाते हैं। हालांकि पुलिस द्वारा समय-समय पर तेज रफ्तार, प्रेशर हॉर्न और निर्धारित मानकों से अधिक आवाज करने वाले साइलेंसर के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, लेकिन इसके बावजूद ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है।
नियमित जांच अभियान चलाने की जरूरत
नगरवासियों की मांग है कि यातायात पुलिस द्वारा नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाया जाए। मॉडिफाइड एवं निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। विशेषकर स्कूलों की छुट्टी के समय, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए।
इसके साथ ही अभिभावकों को भी अपने बच्चों की वाहन चलाने की आदतों पर ध्यान देने की जरूरत है। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकना और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी बेहद जरूरी है।
सड़क पर चलने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी की लापरवाही दूसरे की जान के लिए खतरा नहीं बननी चाहिए। यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

