मुंगेली- छात्र हितों की रक्षा और कॉलेज कैंपस में युवाओं की आवाज को बुलंद करने के उद्देश्य से भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला मुंगेली द्वारा ‘कैंपस चलो अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान के आधिकारिक पोस्टर का भव्य विमोचन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय सचिव एवं भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव के भिलाई स्थित निवास कार्यालय में किया गया।
विमोचित पोस्टर के माध्यम से संगठन ने “शिक्षा | संगठन | संघर्ष” और “छात्र हित, देश हित” का संदेश दिया है। “छात्रों की बात, छात्रों के साथ” तथा ‘हर कॉलेज, हर छात्र, हर मुद्दे पर NSUI आपके साथ’ के संकल्प के साथ शुरू होने वाले इस अभियान के तहत मुंगेली जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में जाकर छात्रों की समस्याओं को सुना जाएगा और उनके निराकरण के लिए आवाज उठाई जाएगी। इस अभियान के माध्यम से संगठन मुख्य रूप से बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, छात्र हितों की आवाज उठाने, सुरक्षित कॉलेज परिसर तैयार करने, पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति और नए अवसर दिलाने तथा “सशक्त छात्र, सशक्त भारत” की परिकल्पना को साकार करते हुए युवा नेतृत्व का निर्माण करने पर कार्य करेगा।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने NSUI की इस पहल की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, NSUI जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता ने बताया कि जल्द ही जिले के सभी कॉलेजों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर छात्रों को संगठन से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश छैदइया, NSUI जिलाध्यक्ष नागेश गुप्ता, दीपचंद अनंत, योगेश्वर सिंह, अनमोल सिंह, रविन्द्र अंचल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

