मुंगेली। शासन के निर्देशानुसार प्रदेश भर में नए शिक्षा सत्र की शुरुआत उमंग और उत्साह के साथ हो चुकी है। इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करही में ‘शाला प्रवेशोत्सव’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नव-प्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, पुस्तकें वितरित कर और मुंह मीठा कराकर शाला में आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आशुतोष पांडेय (अध्यक्ष, शाला विकास समिति करही), विशिष्ट अतिथि मायानंद चंद्रा (डिप्टी कलेक्टर) और ग्राम सरपंच आनंद राम महिलांग सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर व पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर जनभागीदारी और शाला विकास समिति के सदस्य सुधीर मिश्रा, कन्हैया दास मानिकपुरी, लक्ष्मी रजक एवं प्राचार्य जे.एस. ध्रुव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। इसके बाद स्कूल के प्राचार्य, प्रधान पाठक और व्याख्याताओं ने गुलदस्ता भेंट कर सभी अतिथियों का सम्मान किया।
बच्चे हमारी अनमोल धरोहर, मन लगाकर करें पढ़ाई: आशुतोष पांडेय
मुख्य अतिथि आशुतोष पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे हमारी अनमोल धरोहर हैं। उन्होंने छात्रों को मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विद्यार्थियों की सुविधाओं में कोई कमी नहीं होने दे रही है। हमारे शासकीय स्कूलों के विद्यार्थी बेहद होनहार हैं और अपनी बुद्धिमत्ता का लोहा मनवा रहे हैं।
सरकारी स्कूलों के छात्र देश-विदेश में लहरा रहे परचम: सुधीर मिश्रा
शाला विकास समिति के सदस्य सुधीर मिश्रा ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि एक समय था जब सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को हीन भावना से देखा जाता था, लेकिन आज परिस्थिति बदल चुकी है। चाहे विज्ञान का क्षेत्र हो, राजनीति हो या तकनीक, आज सरकारी स्कूलों के पढ़े छात्र देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपना परचम लहरा रहे हैं।
डिप्टी कलेक्टर ने बांटी पुस्तकें, शासकीय योजनाओं की दी जानकारी
विशिष्ट अतिथि और डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा ने नव-प्रवेशी बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं और उनका मुंह मीठा कराया। उन्होंने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सरकार द्वारा छात्र हित में चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
गरिमामयी कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद प्राचार्य जे.एस. ध्रुव ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। मंच का कुशल संचालन मोनिका ठाकुर द्वारा किया गया। शाला के मीडिया प्रभारी नवाब अली खान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस गरिमामयी समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और पूर्व माध्यमिक विद्यालय करही के व्याख्याता आर.के. वैष्णव, राखी पाठक, निधि दवे, प्रभा वैष्णव, सरिता गुप्ता, रितु पांडेय, सी. व्यास, भारती देवांगन, कामना मिश्रा, आर. शर्मा, आर.के. पटेल, बी.के. कश्यप, आर. मरावी सहित पूर्व प्रधान पाठक पी. पांडेय, नेहा राजपूत, नीता दयाल, निधि पांडेय, रीता चतुरगोष्ठी और बड़ी संख्या में ग्राम के गणमान्य नागरिक व पलक उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

