कौन होगा दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री? आज BJP विधायक दल की बैठक में होगा फैसला

नई दिल्ली प्रीतेश अज्जू आर्य ✍🏻: दिल्ली में जीत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान में वक्त लगाना और सभी को सरप्राइज देना बीजेपी का ट्रेडमार्क बन गया है। चाहे देवेंद्र फडणवीस का नाम हो या योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपकर चौंकाना।
बीजेपी सिर्फ दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम चुनने में समय नहीं ले रही बल्कि, अपने मुख्यमंत्री से सभी को हैरान भी करने वाली है राजधानी होने की वजह से हर किसी की नजर दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हुई है। वहीं अब आज ये सस्पेंस कभी भी खत्म हो सकता है। दिल्ली बीजेपी विधायक दल की बैठक होने जा रही है, जिसमें पीएम मोदी खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाएंगे।
शपथ ग्रहण 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी दलित, पूर्वांचल और जाट का कॉम्बिनेशन बना सकती है। दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं।
सीएम के साथ सात मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जा सकती है। कार्यक्रम में 30 हजार मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है ।
दिल्ली वालों ने प्रधानमंत्री मोदी के वादों पर भरोसा किया और BJP ने 8 फरवरी को इतिहास बना दिया। 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता BJP को सौंपी लेकिन 10 दिन बाद भी BJP मुख्यमंत्री के नाम की जगह उसे चुने जाने की तारीख और समय बता रही है। ऐसे में दिल्ली वालों को इंतजार है कि उनसे प्रधानमंत्री मोदी के जरिए किए गए वादों को दिल्ली में कौन पूरा करेगा, क्योंकि जिसके सर दिल्ली का ताज होगा यकीनन उसके कंदों पर दिल्ली में किए गए बीजेपी के चुनावी वादों को पूरा करने का प्रेशर होगा। आज (19 फरवरी) को BJP विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री चुना जाएगा और 20 फरवरी को मुख्यमंत्री रामलीला मैदान में शपथ लेगा।
दिल्ली के विकास का ब्लू प्रिंट तैयार, लेकिन CM कौन ?
प्रधानमंत्री मोदी बता चुके हैं कि दिल्ली में BJP सरकार सबसे पहले यमुना का पानी स्वच्छ बनाएगी फिर रिवर फ्रंट और ग्रीन कॉरिडोर बनाएगी। वॉटर मेट्रो की संभावना से प्रधानमंत्री मोदी ने इनकार नहीं किया यानी पीएम मोदी के दिमाग में दिल्ली के विकास के ब्लू प्रिंट को लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है। बस अब सवाल उस चेहरे को लेकर बचा है, जो राजधानी में BJP के इन वादों को जमीन पर उतारेगा।
रामलीला मैदान में कौन लेगा मुख्यमंत्री की शपथ ?
भले ही सीएम के नाम को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम का ऐलान किया जा सकता है, जो 20 फरवरी को सुबह 11.30 बजे रामलीला मैदान में शपथ लेगा। इससे पहले शाम 4.30 बजे ये कार्यक्रम होना था। तो बीजेपी की तरफ से शपथ की तारीख वक्त और जगह मुकर्रर कर दी गई है। रामलीला मैदान में शपथ के लिए तंबू गढ़ने भी शुरू हो गए हैं। लेकिन विपक्ष मुख्यमंत्री के नाम में हो रही देरी को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है।
सीएम रेस में ये नाम चल रहे आगे
सूत्रों की मानें तो बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने दिल्ली का सीएम किसको बनाया जाएगा, इसका फैसला कर लिया है। यानी केंद्रीय नेतृत्व दिल्ली के सीएम का नाम फाइनल कर चुकी है। लेकिन इंतजार दिल्ली की जनता को है। आखिर वो कौन सा चेहरा है, जिसको दिल्ली की कमान सौंपी जाएगी। इन मुख्यमंत्री के दावेदारों में 2 नाम बताए जा रहे हैं।
विजेंद्र गुप्ता
पहला नाम विजेंद्र गुप्ता का सामने आ रहा है, दिल्ली BJP के पूर्व अध्यक्ष और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता भी मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। उनकी पार्टी में लंबी सेवा और अनुभव उन्हें इस पद के लिए एक योग्य उम्मीदवार बनाता है।
रेखा गुप्ता
दूसरा नाम रेखा गुप्ता का है, जो 50 साल की हैं और शालीमार बाग से जीती हैं। दिल्ली बीजेपी की महासचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं।
प्रवेश वर्मा
वहीं तीसरा नाम 47 साल के प्रवेश वर्मा का है, जो नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल को मात देकर जीते हैं। प्रवेश वर्मा 115.65 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं, और उन पर 1 क्रिमिनल केस है।
आशीष सूद
दावेदारों में आशीष सूद का भी नाम चल रहा है। उम्र 58 साल है और जनकपुरी सीट से विधायक हैं। वह राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के करीबी हैं और गोवा के प्रभारी है। प्रमुख पंजाबी नेता और संघ के करीबी माने जाते हैं। पांचवा नाम सतीश उपाध्याय का चल रहा है। मालवीय नगर से 62 साल के विधायक दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं। सेंसर बोर्ड के सदस्य रहे हैं और नई दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल के वाइस चेयरमैन रह चुके हैं।
सोशल मीडिया पर भी सीएम फेस की रेस
BJP की तरफ से जो 5 नाम आगे चल रहे हैं उन्हें लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा है। अगर गूगल ट्रेंड की बात करें तो इसमें रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा का नाम सबसे ज्यादा सर्च किया गया है। यानी लोग इनके नाम को सबसे ज्यादा गूगल पर खोज रहे हैं। नतीजों के बाद से प्रवेश वर्मा आगे बताए जाते रहे हैं। शायद इसी बात का असर है कि एक्स पर उनके सबसे ज्यादा 17 हजार से ज्यादा फॉलोवर्स बढ़े हैं। रेखा गुप्ता और बाकी दावेदारों का नंबर इसके बाद है। लेकिन पोस्ट के आधार पर रेखा गुप्ता प्रवेश वर्मा से आगे हैं। दिल्ली में BJP भले ही सीएम का नाम नहीं बता रही हो लेकिन उसकी तरफ से शपथ ग्रहण के लिए रामलीला मैदान तय कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस रखना..बीजेपी का पुराना ट्रेंड
ओडिशा में बीजेपी ने मुख्यमंत्री का नाम बताने में 7 दिन लिए, 9वें दिन राजस्थान में भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री पद दिए जाने पर मुहर लगी थी। इसी तरह मध्य प्रदेश में मोहन यादव का नाम तय होते-होते 8 दिन बीत गए थे। छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री चुनने में BJP को 7 दिन लग गए थे लेकिन दिल्ली में ये सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं और 11वें दिन मुख्यमंत्री के नाम का पता चलेगा। बड़ी बात ये है कि अभी तक सभी राज्यों में BJP हाईकमान ने जितनी देर फैसला करने में लगाया, मुख्यमंत्री का नाम उतना ही चौंकाने वाला सामने आया है।