बढ़ती पहल, सुरक्षित मुंगेली: एसपी भोजराम पटेल के दिशा-निर्देशन में अभियान जारी”चौपालों से ग्रामीणों में जागरूकता और सुरक्षा का संदेश

खास खबर ✍️मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में संचालित पहल अभियान के अंतर्गत निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में पहल चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को अपराध और नशे से दूर रखना तथा समाज में जागरूकता फैलाना है।
इसी कड़ी में 8 सितंबर को ग्राम चंदली, थाना लालपुर क्षेत्र में पहल चौपाल का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीओपी एस आर धृतलहरें ने किया, जिसमे टीआई अमित गुप्ता एवं पहल टीम के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यशाला में ग्रामीणों को साइबर अपराध, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड और मोबाइल के माध्यम से होने वाले विभिन्न प्रकार के धोखाधड़ी से बचाव की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी साझा की गई। उपस्थित जनों को समझाया गया कि मोबाइल पर किसी भी प्रकार के लालच, झांसे या अनजान व्यक्तियों से बातचीत व दोस्ती करने से बचें। उन्हें यह भी बताया गया कि ऐसे मामलों में न डरें, न घबराएं बल्कि तुरंत बैंक और पुलिस को सूचित करें।
पहल चौपाल में महिला एवं बाल अपराधों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां, खासकर पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों को विस्तार से समझाया गया। साथ ही यातायात सुरक्षा नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। कार्यशाला में अभिभावकों से कहा गया कि बच्चों का उचित मार्गदर्शन करें और उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे शासन द्वारा प्रदत्त योजनाओं एवं सुविधाओं का पूरा लाभ उठा सकें।
ग्राम चंदली में आयोजित इस पहल चौपाल से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ लिया और स्वयं को सुरक्षित रखने हेतु मूल्यवान सुझाव प्राप्त किए।

