शा. उ. मा. विद्यालय-करही में सरस्वती साइकिल योजना के तहत 70 छात्राओं को मिली नि:शुल्क साइकिल, शिक्षा व आत्मनिर्भरता का उत्सव

मुंगेली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करही में मंगलवार को शासन की प्रमुख योजना तहत आयोजित साइकिल वितरण समारोह में नवमी कक्षा की 70 छात्राओं को नि:शुल्क ‘सरस्वती साइकिल’ प्राप्त हुई। साइकिल मिलते ही छात्राओं के चेहरों पर मुस्कान और भविष्य के प्रति उत्साह साफ नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। जनभागीदारी एवं शाला विकास समिति के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय ने कहा कि अब दूर दराज गांवों की बालिकाओं को स्कूल आने-जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी, उनका आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
ग्राम सरपंच आनंद राम महिलांगे तथा समिति सदस्य सुधीर मिश्रा ने बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने वाली इस योजना को सराहा और बच्चों को शुभकामनाएं दीं। शाला प्राचार्य जेएस ध्रुव ने छात्राओं को ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए समय पर स्कूल पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष आशुतोष पांडेय, ग्राम सरपंच आनंद राम महिलांगे, सुधीर मिश्रा, केडी मानिकपुरी, प्राचार्य जेएस ध्रुव, साइकिल वितरण प्रभारी मोनिका ठाकुर, नवाब अली (मीडिया प्रभारी) समेत समस्त शाला स्टाफ उपस्थित रहे.





