मुंगेली।
मुंगेली में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा, ‘श्री कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता’ एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू शामिल हुए और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

संकटों को अवसर में बदलना ही वास्तविक पुरुषार्थ
समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल एक उत्सव या आनंद का प्रतीक नहीं है, बल्कि संघर्ष, धैर्य, साहस और अधर्म पर धर्म की विजय की अमर गाथा है। प्रभु का जन्म कारागार की अंधेरी कोठरी में हुआ और जन्म के साथ ही पूतना, तृणावर्त और अघासुर जैसे राक्षसों के षड्यंत्र उनके सामने आए। इसके बावजूद प्रभु हर विपत्ति को पार कर और तेजस्वी बनकर उभरे।
उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियां कितनी भी विकट हों, यदि संकल्प दृढ़ है तो कोई शक्ति डिगा नहीं सकती। संकटों से भागना नहीं, बल्कि उन्हें अवसर में बदलकर आगे बढ़ना ही सच्चा पुरुषार्थ है।
बांसुरी और सुदर्शन चक्र का संतुलन
श्री साहू ने श्रीकृष्ण के पूर्ण रूप को रेखांकित करते हुए कहा कि एक हाथ में प्रेम-समरसता बिखेरती बांसुरी और दूसरे हाथ में अन्याय का संहार करने वाला सुदर्शन चक्र ही प्रभु का वास्तविक स्वरूप है। महाभारत युद्ध में कुरुक्षेत्र की भूमि पर प्रभु ने श्रीमद्भगवद्गीता का निष्काम कर्मयोग (“कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन”) का अमर संदेश दिया, जो हमें सिखाता है कि सत्य और न्याय के पक्ष में दृढ़ता से खड़े होना ही सबसे बड़ा कर्तव्य है।
‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प
कार्यक्रम में केवल उत्सव तक सीमित न रहकर प्रभु के विचारों, निर्भीकता, कुशल नेतृत्व और कर्मयोग को जीवन में उतारने का आह्वान किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने श्रीकृष्ण की नीतियों, नेतृत्व, धर्म और ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लिया तथा देश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रार्थना की।
वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि रहे उपस्थित
इस भव्य समारोह में मुंगेली के वरिष्ठ विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीनानाथ केसरवानी, अध्यक्ष श्री रामकमल परिहार, जिला पंचायत की पूर्व सदस्य श्रीमती शीलू साहू, श्री शैलेन्द्र पाठक सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

