भक्ति, शक्ति और संस्कृति का दिखा अनूठा संगम, गरबा नृत्य एवं धार्मिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मुंगेली। मां शेरोवाली के जयकारों और भक्तिमय गीतों की गूंज के बीच केशरवानी महिला समिति द्वारा स्थानीय बी.आर. साव धर्मादा ट्रस्ट धर्मशाला में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप मां दुर्गा की आराधना में भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने गरबा नृत्य, दुर्गा स्तुति, भजन, धार्मिक प्रसंगों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मां दुर्गा के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और भक्ति प्रकट की। पूरे आयोजन का वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण रहा।

विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का संचालन समिति की सचिव संध्या दीवान ने किया। उन्होंने सर्वप्रथम मां दुर्गा के माल्यार्पण एवं आरती के लिए समिति की संरक्षक अनीता गुप्ता, जया गुप्ता, प्रमिला गुप्ता, सपना गुप्ता, मनोरमा गुप्ता तथा अध्यक्ष ज्योति गुप्ता को आमंत्रित किया। इसके पश्चात संगठन मंत्री सीमा गुप्ता ने दुर्गा स्तुति की सुंदर प्रस्तुति दी। वहीं कोषाध्यक्ष शुभलक्ष्मी केशरवानी एवं सुनीता गुप्ता के मधुर दुर्गा भजनों ने उपस्थित लोगों को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
मां दुर्गा की आराधना आत्मबल, संयम और करुणा का संदेश : जया गुप्ता
कार्यक्रम के दौरान जया गुप्ता ने अपने उद्बोधन में मां दुर्गा को शक्ति, साहस, प्रेम और करुणा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा केवल बाहरी बुराइयों का संहार करने वाली देवी नहीं हैं, बल्कि वे मनुष्य के भीतर छिपे अहंकार, आलस्य, क्रोध और अन्य दुर्गुणों को दूर करने की प्रेरणा भी देती हैं। मां अपने भक्तों को जीवन की कठिनाइयों और संकटों से लड़ने का आत्मबल प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि सिंह पर विराजमान मां दुर्गा का स्वरूप हमें सिखाता है कि जीवन की चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों पर नियंत्रण रखते हुए साहस के साथ आगे बढ़ना चाहिए। आज के समय में मां दुर्गा की सच्ची आराधना यही है कि हम अपने भीतर आत्मबल, संयम और करुणा को पहचानें तथा समाज में महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित करें।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गरबा महोत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक श्रृंखला देखने को मिली। अनीता गुप्ता ने दुर्गा स्तुति, प्रमिला गुप्ता ने गणेश वंदना एवं युगल नृत्य, जबकि संध्या किरण दीवान ने युगल नृत्य की प्रस्तुति दी। जया गुप्ता के शानदार एकल नृत्य, राजस्थानी गीत ‘खम्मा रे खम्मा’ और ‘जब जिद्द पे आ गई पार्वती’ की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
ज्योति गुप्ता ने धार्मिक प्रसंग प्रस्तुत किए, वहीं ममता केशरवानी ने प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से उपस्थित महिलाओं को सकारात्मक संदेश दिया। रिंकी गुप्ता, सुरेखा गुप्ता एवं मेघा गुप्ता ने सुंदर एकल नृत्य प्रस्तुत किए। विभा केशरवानी के हास्य से भरपूर चुटकुलों ने कार्यक्रम में हंसी और उल्लास का माहौल बनाया। सावित्री एवं रचना ने भजनों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को और भी भक्तिमय बना दिया।
पांच गरबा समूहों ने दी शानदार प्रस्तुति
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण पांच समूहों द्वारा प्रस्तुत गरबा नृत्य रहा। सभी समूहों की प्रतिभागियों ने पारंपरिक अंदाज में शानदार नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी।
मंगला ग्रुप: सपना, मेघा, वंदना, कनक, रंजीता, विभा, सुरेखा, सरोज, साक्षी, ऋतु।
वैष्णवी ग्रुप: अनीता, जया, प्रमिला, सावित्री, सविता।
शारदा ग्रुप: ज्योति, सीमा, शुभलक्ष्मी, सुनीता, अमिता, पदमा, सीता, प्रतिमा।
आदिशक्ति ग्रुप: रिंकी, कनक, श्रेया, शालिनी, समीक्षा, साक्षी, पूजा, मधु।
शिवशक्ति ग्रुप: सविता, रूपा, सरिता, रचना, लक्ष्मी, नेहा, निशा।
पांचों समूहों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने गरबा महोत्सव को यादगार बना दिया। पारंपरिक नृत्य और भक्ति संगीत के बीच महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
गरबा प्रतिभागियों का मोमेंटो देकर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान समिति की अध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने अपने पूर्वज स्वर्गीय चंद्रकांता एवं भानुप्रताप गुप्ता की स्मृति में गरबा महोत्सव में भाग लेने वाली महिला सदस्यों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया और उनकी सहभागिता की सराहना की गई।
समाज के गणमान्य सदस्य भी हुए शामिल
गरबा महोत्सव में वैश्य सभा के अध्यक्ष राजेश केशरवानी, तरुण सभा के संरक्षक मिथिलेश केशरवानी, तरुण सभा के अध्यक्ष अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में केशरवानी समाज के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन में सहभागिता कर मां दुर्गा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा समिति के इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। सचिव संध्या दीवान ने आयोजन में उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। भक्ति, संस्कृति, महिला सहभागिता और सामाजिक एकता के संदेश के साथ गरबा महोत्सव का समापन हुआ।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

