मुंगेली। जिले के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुंगेली में पहली बार MPL (मुंगेली प्रीमियर लीग) का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस रोमांचक क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 11 स्टार्स टीम मुंगेली द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के जाने-माने क्रिकेट खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के ऑनर के साथ मैदान में उतरेंगे और अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करेंगे।
इस प्रतियोगिता को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है। MPL के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों के खिलाड़ियों का चयन प्लेयर ऑक्शन के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए 15 नवंबर 2026, रविवार को RK पैलेस, पंडरिया रोड, मुंगेली में प्लेयर ऑक्शन आयोजित किया जाएगा। ऑक्शन के दौरान टीम ऑनर अपनी पसंद के खिलाड़ियों पर बोली लगाकर अपनी-अपनी टीम तैयार करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, MPL के सभी मुकाबले मुंगेली के पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम, नवागढ़ रोड में खेले जाएंगे। खास बात यह है कि प्रतियोगिता के मुकाबले फ्लड लाइट की रोशनी में खेले जाएंगे, जिससे दर्शकों को रात के समय भी रोमांचक क्रिकेट का आनंद मिलेगा।
वहीं इस पूरे टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) Streamify के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, जिससे मुंगेली के साथ-साथ जिले से बाहर रहने वाले क्रिकेट प्रेमी भी घर बैठे मैचों का आनंद ले सकेंगे।
मुंगेली में पहली बार इस स्तर की प्रीमियर लीग आयोजित होने जा रही है। ऐसे में यह आयोजन स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनने के साथ ही जिले में खेल गतिविधियों को एक नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

