आत्मनिर्भर भारत और जीएसटी सुधार पर भाजपा कार्यशाला सम्पन्न

मुंगेली। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मुंगेली विधानसभा स्तरीय कार्यशाला का आयोजन आत्मनिर्भर भारत एवं जीएसटी रिफॉर्म विषय पर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू रहे, जबकि विधायक पुन्नूलाल मोहले और पूर्व सांसद लखनलाल साहू ने वक्ता के रूप में भाग लिया।कार्यशाला की शुरुआत स्वागत भाषण और विषय परिचय से हुई, जिसे भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने प्रस्तुत किया। मुख्य वक्ता तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, जिसके लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान की भावना सभी नागरिकों में विकसित करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि भारत अब रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर हो गया है और “ऑपरेशन सिंदूर” स्वदेशी क्षमता का प्रतीक है। भारत आज 21 हजार करोड़ रुपए मूल्य के रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है।विधायक पुन्नूलाल मोहले ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी द्वारा किए गए जीएसटी सुधारों से कर व्यवस्था अधिक सरल और लाभकारी हुई है। चार स्लैब को घटाकर दो स्लैब किए जाने से उत्पादन लागत में कमी आई है और उपभोक्ताओं को राहत मिली है। वहीं पूर्व सांसद लखनलाल साहू ने कहा कि वर्ष 2014 के पहले भारत विदेशी उत्पादों पर निर्भर था, परंतु अब राष्ट्रपति मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।कार्यक्रम के दौरान स्वदेशी उत्पाद अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया। सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प पत्र भरकर स्थानीय उत्पादों के उपयोग का भरोसा दिया। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रभारी मोहन भोजवानी ने उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता बनवारीलाल अग्रवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिलापंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, जनपद अध्यक्ष रामकमल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेष पाठक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष सुनील पाठक, कोषाध्यक्ष सोम वैष्णव, महामंत्री कैलाश सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन रामशरण यादव ने किया।





