दुर्गम जंगल में सेवाभाव की मिसाल: प्रयास वनवासी पाठशाला में 61 बच्चों की स्वास्थ्य जाँच

मुंगेली ✍️अचानकमार अभ्यारण्य के सुदूर वनग्राम बिसौनी स्थित प्रयास वनवासी पाठशाला में 25 सितंबर, गुरुवार को स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रयास अ स्माल स्टेप फाउंडेशन द्वारा आमंत्रित एम.एस. सर्जन डॉ. रूपेश साहु ने बच्चों की स्वास्थ्य जाँच की।डॉ. साहु अपनी धर्मपत्नी और एक वर्षीय पुत्र के साथ दुर्गम और जोखिमभरे रास्तों को पार करते हुए यहां पहुँचे।
बीच रास्ते में बाइक से गिरने और बरसात-किचड़ जैसी कठिनाइयों के बावजूद वे सेवाभाव और समर्पण की भावना से बच्चों तक पहुँचे। शिविर के दौरान उनका उत्साह और बच्चे का मुस्कुराता चेहरा सभी के लिए प्रेरणादायी क्षण रहा।स्वास्थ्य परीक्षण में 61 बैगा बालक-बालिकाओं ने हिस्सा लिया। परीक्षण में अधिकांश बच्चे सर्दी-खाँसी और त्वचा रोगों (दाद-खुजली) से पीड़ित पाए गए। तत्कालिक उपचार हेतु दवा दी गई, जबकि अनुपलब्ध दवाइयाँ बाद में पहुँचाने का आश्वासन डॉ. साहु ने दिया।परीक्षण उपरांत डॉ. साहु और उनकी धर्मपत्नी ने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री और मिष्ठान भी वितरित किए। इस आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी आजुराम मरावी, शिक्षक शिवकुमार मरावी और श्रीमती शिवकुमारी मरावी का विशेष योगदान रहा।यह आयोजन सेवाभाव, त्याग और समर्पण की अनूठी मिसाल बनकर बच्चों और ग्रामीणों के लिए यादगार साबित हुआ।





