रायपुर के बेबीलोन टॉवर में भीषण आग, 40 से अधिक लोग रेस्टोरेंट से सुरक्षित निकाले गए

✍️रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा VIP तिराहे के पास स्थित बेबीलोन टॉवर की दूसरी मंजिल पर मंगलवार रात करीब 9:15 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग के कारण ऊपर स्थित रेस्टोरेंट में खाना खा रहे 40 से अधिक लोग फंसे हुए थे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और एक त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
धुआं फैलने की वजह से लोग कांच तोड़कर कूदने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बचाव दल की समय पर मौजूदगी ने बड़ी त्रासदी टाल दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और कलेक्टर गौरव सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राजधानी और एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीमों ने मिलकर आग पर काबू पाया। आग की गंभीरता को देखते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र से भी फायर ब्रिगेड टीम भेजने की तैयारी भी की गई थी।
आग लगने के पीछे की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि इस आगजनी में किसी व्यक्ति को कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
प्रशासन इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कर रहा है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सख्त कदम उठाएंगे।





