मुंगेली। नगर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर पालिका परिषद एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मुख्य मार्गों पर अभियान चलाकर सड़क किनारे व्यापारियों द्वारा किए गए कब्जों को हटाया। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह कार्रवाई आवश्यक है।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों द्वारा सड़क तक बढ़ाए गए शेड, सामान और अस्थायी ढांचे हटाए गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान नगर में पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि नगर विकास एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कें आम जनता की सुविधा के लिए होती हैं और अतिक्रमण के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रशासन का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं बल्कि शहर को व्यवस्थित बनाना है।
एसडीएम अजय शतरंज ने बताया कि मुख्य मार्गों पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनती है। इसी को ध्यान में रखते हुए राजस्व विभाग एवं नगर पालिका की टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पहले व्यापारियों को समझाइश दी गई थी, इसके बाद कार्रवाई की जा रही है।
नगर पालिका परिषद मुंगेली के सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे कब्जा होने से न केवल यातायात प्रभावित होता है बल्कि सफाई व्यवस्था भी बाधित होती है। नगर पालिका द्वारा आगे भी इस प्रकार का अभियान जारी रहेगा।
इस दौरान राजस्व एवं नगर पालिका की टीम भी मौके पर मौजूद रही। अभियान में पटवारी आशीष भोई, पटवारी आशीष ठाकुर पटवारी प्रशांत शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे और कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को नगर हित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सड़कें खाली होने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

