‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के छठवें चरण के तहत नीम, कदम, जामुन और गुलमोहर के पौधों का किया गया रोपण
मुंगेली। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर ‘स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी’ ने पर्यावरण और प्रकृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए एक अनूठी पहल की। संस्था द्वारा संचालित ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के छठवें चरण के तहत पुलिस लाईन नहर रोड में नीम, कदम, बादाम, गुलमोहर और जामुन समेत 40 फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस पौधारोपण के माध्यम से संस्था ने प्रकृति, पर्यावरण और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
आदिवासी संस्कृति और प्रकृति का सम्मान
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ सदस्य गोखलेश सिंह और दीपक जैन ने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से प्रकृति के साथ संतुलन और सामंजस्य बनाकर जीवन जीता आया है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की उनकी समृद्ध परंपराएं आज पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। ऐसे में विश्व आदिवासी दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर पौधारोपण करना प्रकृति और संस्कृति दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक व सराहनीय प्रयास है।
पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाने का आह्वान
संस्था के सक्रिय सदस्य मुकेश पांडेय एवं पप्पू शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को एक व्यापक जनअभियान बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन के विशेष अवसरों को पौधारोपण से जोड़ना चाहिए। जल, जंगल और जमीन हमारी आने वाली पीढ़ियों की सबसे बड़ी विरासत हैं, और इनकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान का मुख्य उद्देश्य
अभियान के प्रभारी अजय चंद्राकर एवं सह-प्रभारी वैभव ताम्रकार ने बताया कि ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के माध्यम से स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी लगातार पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि आम लोगों में प्रकृति के प्रति जवाबदेही और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस पौधारोपण अभियान के दौरान संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, गोखलेश सिंह, विकास जैन, मुकेश पांडेय, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारख, सुनील वाधवानी, धीरज जैन, कोमल चौबे, नागेश साहू, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, वैभव ताम्रकार, पवन यादव, आर्या सिंह, वासु पांडेय, रवि साहू, देवेंद्र सिंह, अजय चंद्राकर, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, दिलबाग सिंह, रघुराज सिंह, परमेश्वर देवांगन, सुरेश यादव, सुमित उपाध्याय सहित नगर के पर्यावरण प्रेमी अरविंद रूपवानी, प्रियांक गुप्ता, सागर वैष्णव, आदर्श केशरवानी, प्रकाश दुबे एवं जय कुमार मार्को प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

