मुंगेली (छत्तीसगढ़)। कस्तूरबा महिला कल्याण आश्रम समिति द्वारा संचालित कस्तूरबा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विनोबा नगर (मुंगेली) में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), रायपुर के मार्गदर्शन में एक विशेष क्षेत्रीय जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन, पूजन और वंदना के साथ हुई। तत्पश्चात शिक्षिका सुश्री ज्योति यादव, सुश्री श्रेया यादव एवं सुश्री दीपांजली देवांगन ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर आत्मीय स्वागत किया। अतिथि परिचय के दौरान बिलासपुर से पधारीं HPCL अधिकारी प्रियंका मीणा, कस्तूरबा महिला कल्याण आश्रम समिति के उपाध्यक्ष द्वय श्री रवि पौराणिक जी एवं श्री बसंत मिश्रा जी, तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री ब्रह्मदत्त त्रिपाठी जी विशेष रूप से मंचासीन रहे।
एलपीजी गैस सुरक्षा और स्वच्छ ईंधन पर दिया गया मार्गदर्शन
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं HPCL अधिकारी प्रियंका मीणा ने छात्राओं और उपस्थित लोगों को एलपीजी गैस के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने घर में गैस सिलेंडर रखते समय बरती जाने वाली सावधानियां, गैस लीक होने पर क्या करें और क्या न करें, तथा स्वच्छ ईंधन के उपयोग से होने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उत्कृष्ट शिक्षिका सम्मान एवं उपहार वितरण
शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए विद्यालय की तीन शिक्षिकाओं—सुश्री मातेश्वरी देवांगन, सुश्री जान्हवी ठाकुर एवं सुश्री प्रीति यादव—को ‘उत्कृष्ट शिक्षिका सम्मान’ से अलंकृत किया गया। इसके अलावा, HPCL की ओर से विद्यालय के सभी विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं को पेन उपहार स्वरूप दिए गए। वहीं, उपाध्यक्ष श्री रवि पौराणिक जी ने विद्यालय को एक नया पंखा प्रदान किया।
सफल संचालन व आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन प्राथमिक विभाग की प्रभारी सुश्री मातेश्वरी देवांगन ने किया, जबकि मिडिल विभाग की प्रभारी सुश्री जान्हवी ठाकुर ने अंत में सभी अतिथियों व विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
समिति के पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम की सफलता पर कस्तूरबा महिला कल्याण आश्रम समिति के अध्यक्ष श्री अनिल सोनी, सचिव दीनानाथ केसरवानी, कोषाध्यक्ष धनेश सोलंकी, सह सचिव दिलीप सोनी, सदस्य महावीर सिंह व स्वप्निल वर्मा, उपाध्यक्ष रवि पौराणिक तथा संरक्षक सदस्य जेठमल कोटडिया ने विद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

