अवैध निर्माण पर बुल्डोजर चलते ही पहुंचे अध्यक्ष रोहित शुक्ला; अधिकारियों से बोले- ‘मेरे मित्र की दुकान है, कार्रवाई यहाँ से क्यों की जा रही है’
विशेष संवाददाता, मुंगेली (छत्तीसगढ़)
26 मई, 2026
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में अवैध निर्माण और बेजा कब्जे के खिलाफ जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा चलाई जा रही मुहिम के दौरान आज उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा और भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब मुंगेली नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला स्वयं कार्रवाई को रुकवाने के लिए मौके पर पहुँच गए। रसूख और राजनैतिक रस्साकशी के बीच आखिरकार प्रशासनिक अमले को पीछे हटना पड़ा और मामले में दो दिन का अल्टीमेटम देकर टीम वापस लौट गई।
कार्रवाई के बीच में खड़ी कर दी गाड़ी, वीडियो वायरल
मिली जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका के अमले की संयुक्त टीम मुंगेली में तय योजना के तहत अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई कर रही थी। अमला अभी कुछ दुकानों और ढांचों को हटाने की प्रक्रिया में था ही कि अचानक वहाँ नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला पहुँचे। उन्होंने अपनी गाड़ी को ठीक उसी जगह के बीच में खड़ा कर दिया जहाँ अतिक्रमण विरोधी अमला काम कर रहा था। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुंगेली पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला प्रशासनिक अधिकारियों और टीम के सदस्यों से सीधे बहस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि— “यह मेरे मित्र की दुकान है, करवाई यहीं से क्यों की जा रही है
पहले भी टूटा था ‘अपोलो फार्मेसी’ का कब्जा, समय बीतते ही फिर कर लिया निर्माण
सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक अमला यहाँ स्थित ‘अपोलो फार्मेसी’ का बेजा कब्जा तोड़ने पहुँचा था। गौर करने वाली बात यह है कि इस दुकान पर प्रशासन पहले भी तोड़ने की कार्रवाई कर चुका था। लेकिन जैसे ही समय बीता और मामला शांत हुआ, रसूख के बल पर नियमों को ताक पर रखकर यहाँ पुनः अवैध निर्माण कर लिया गया। आज जब टीम इसी दोबारा किए गए अवैध निर्माण को ढहाने पहुँची, तो पालिका अध्यक्ष खुद रक्षक बनकर खड़े हो गए।
भारी विरोध के बाद बैकफुट पर प्रशासन, दिया 2 दिन का समय
पालिका अध्यक्ष द्वारा कार्रवाई के बीच में गाड़ी अड़ाने और अपने प्रभाव का इस्तेमाल करने की कोशिश के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और उनके बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक चलती रही। पालिका अध्यक्ष और उनके समर्थकों के भारी विरोध को देखते हुए मौके पर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी। अंततः, प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को शांत कराने के लिए बीच का रास्ता निकाला और बैकफुट पर आते हुए संबंधित पक्षों को औपचारिक नोटिस जारी कर अतिक्रमण खुद हटाने के लिए 2 दिन का अल्टीमेटम दिया है। प्रशासन की टीम यह चेतावनी देकर लौट गई कि यदि दो दिनों के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो दोबारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में चर्चा का विषय बनी ‘पॉलिटिक्स’
इस पूरे वाकये का वहाँ मौजूद लोगों ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया और स्थानीय वेब पोर्टलों पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जहाँ प्रशासनिक टीम के अधिकारी नियमों का हवाला देते नजर आ रहे हैं, वहीं पालिका अध्यक्ष अपने करीबियों के पक्ष में खड़े होकर पूरी कार्रवाई पर ही सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन द्वारा दिए गए 2 दिन के अल्टीमेटम के बाद मुंगेली में इस अतिक्रमण विरोधी मुहिम पर क्या नया मोड़ आता है या फिर ‘मित्रता’ के आगे नियम-कानून बौने साबित होते हैं।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

