केशरवानी महिला समिति द्वारा 11 दिवसीय अखंड ज्योति कलश अनुष्ठान संपन्न; 33 ब्राह्मणों को कराया गया भोज

मुंगेली। आध्यात्मिक साधना, दान और आत्म-शुद्धि के पावन पर्व पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के उपलक्ष्य में स्थानीय राधाकृष्ण मंदिर में आयोजित 11 दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का भव्य समापन हुआ। नगर संरक्षक एवं प्रदेश विशिष्ट सलाहकार अनीता गुप्ता के मार्गदर्शन में नगर केशरवानी महिला समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में अखंड ज्योति कलश की स्थापना की गई थी। अंतिम दिन हवन-पूजन, 33 ब्राह्मण भोज और विशाल भंडारे के साथ श्रद्धालुओं के बीच पूड़ी-खीर के महाप्रसाद का वितरण किया गया।
मुख्य वक्ता आचार्य अजय पाण्डेय ने प्रतिदिन अत्यंत सुंदर ढंग से पुरुषोत्तम कथा के 31 अध्यायों का वर्णन किया। उन्होंने इस विशेष मास में जप, तप और दान की पवित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि हर तीसरे वर्ष आने वाले इस अतिरिक्त मास को स्वयं भगवान विष्णु ने अपना सर्वोच्च नाम ‘पुरुषोत्तम’ दिया है। इस दौरान किए गए धार्मिक कार्यों का फल कई गुना बढ़ जाता है। आयोजन के तहत समिति के सदस्यों ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक और लक्ष्मीनारायण अभिषेक संपन्न किया।

एकता की मिसाल बनीं महिलाएं
धार्मिक आयोजन में केशरवानी महिला समिति की अनूठी एकजुटता देखने को मिली। समिति की महिला सदस्य प्रतिदिन एक ही ‘कलर थीम’ की साड़ियों और ज्वेलरी में उपस्थित होती थीं, जो उनके संगठन और सामाजिक एकता का परिचायक बना। प्रतिदिन विशेष चढ़ोत्तरी, महाआरती और भक्तिपूर्ण प्रस्तुतियां इस आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे।
ब्राह्मणों का किया गया पूजन व दान-दक्षिणा
पूर्णाहुति के अवसर पर नगर वैश्य सभा के अध्यक्ष राजेश केशरवानी, सचिव विवेक केशरवानी और तरुण सभा अध्यक्ष अमित गुप्ता ने ब्राह्मण देवों का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें उपहार स्वरूप वस्त्र आदि दान किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर राधाकृष्ण के जयकारों से गुंजायमान रहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ का हुआ सम्मान
इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी का नगर वैश्य सभा के संरक्षक संजीव गुप्ता एवं महिला समिति द्वारा पुष्पगुच्छ से भव्य स्वागत किया गया। यह सम्मान उन्हें नगर में उनके अथक प्रयासों से ‘कुलगुरु गोत्राचार्य महर्षि कश्यप मुनि चौक’ एवं ‘डॉ. भानुप्रताप गुप्ता चौक’ का नामकरण करवाने के विशेष योगदान के लिए दिया गया। ज्ञात हो कि अनीता गुप्ता के सानिध्य में इस समिति द्वारा समय-समय पर सवा लाख शिवलिंग पूजा और मूर्ति स्थापना जैसे भव्य सामाजिक व धार्मिक कार्य किए जाते रहे हैं। इस समापन अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु और स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

