एसपी की कड़क हिदायत: 7 दिन में नई और 15 दिनों के भीतर निपटाएं पुरानी शिकायतें
अपराध समीक्षा बैठक में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ व ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ के तहत बीट प्रणाली को मजबूत करने पर दिया जोर
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित संवाद कक्ष में जिले की अपराध समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं गुमशुदा बालक-बालिकाओं से संबंधित अपराधों, गंभीर मामलों जैसे हत्या, हत्या का प्रयास, संपत्ति संबंधी अपराध (चोरी, नकबजनी, झपटमारी) और पुराने लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही धारा 173(8) जा.फौ. (वर्तमान 193 बीएनएसएस) के अंतर्गत लंबित प्रकरणों और मर्ग मामलों का शीघ्र वैधानिक निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने थानों में प्राप्त नई शिकायतों को 07 दिवस के भीतर और पूर्व लंबित शिकायतों को 15 दिवस के भीतर निराकृत करने, थाना परिसर व मालखाना की साफ-सफाई रखने तथा अभिलेखों को दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए। जिले के समस्त पर्यवेक्षण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और नियमित भ्रमण करने को कहा गया है।
‘ऑपरेशन मुस्कान’ में लाएं तेजी:
गुमशुदा बालक-बालिकाओं की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पटेल ने कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरामद बच्चों को सकुशल परिजनों को सौंपकर विधिवत कार्रवाई की जाए, जिससे आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो सके। बैठक में बीट प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करते हुए स्मार्ट पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत आम जनता से मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर जुड़ने, नशे के दुष्प्रभावों, यातायात नियमों के पालन व साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए।
साइबर ठगी से राहत: GRM और MRM का होगा उपयोग
एसपी भोजराम पटेल ने डिजिटल युग में होने वाले साइबर फ्रॉड की रोकथाम हेतु स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने Cybercrime.gov.in एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने व NCCRP पोर्टल के तहत GRM/MRM का उपयोग करने को कहा।
- GRM (Grievance Redressal Portal): इसके तहत खाता फ्रीज होने पर खाताधारक बैंक में फॉर्म जमा कर, संबंधित पुलिस स्टेशन और बैंक के माध्यम से ऑनलाइन ही खाता अनफ्रीज करा सकेंगे। अब आमजन को दूसरे राज्यों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
- MRM (Money Restoration Module): आम जनता के साथ हुई ठगी की रकम होल्ड होने पर, इसके तहत बिना न्यायालय की लंबी अनुमति प्रक्रिया के संबंधित पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़ित की रकम वापस कराई जा सकेगी।
बैठक में ये रहे उपस्थित:
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक पथरिया हरविन्दर सिंह, रक्षित निरीक्षक, जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Khabar Daar36 Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

